सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के नारायणपुर में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला पर टंगिया से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप महिला के पति पर है। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी पारिवारिक बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान पति ने गुस्से में घर में रखी टंगिया से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद महिला जमीन पर गिर पड़ी।


परिजन और स्थानीय लोग महिला को गंभीर हालत में रामानुजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।


सूचना मिलने पर रामानुजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आरोपी पति की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी कर रही है। साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर विवाद की असली वजह का पता लगाया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।