जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। तपकरा थाना क्षेत्र के सिंगीबहार गांव में एक युवक ने कथित तौर पर अपने पिता के सिर पर सील-लोढ़ा से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कृष्णा सिंह के रूप में हुई है, जबकि हत्या के आरोप में उनके 32 वर्षीय बेटे सूरज सिंह को गिरफ्तार किया गया है। घटना छह अगस्त की बताई जा रही है।
खटिया पर बेहोश मिले कृष्णा सिंह
पुलिस के मुताबिक, कृष्णा सिंह के भतीजे योगादर सिंह को गांव के एक व्यक्ति से सूचना मिली कि सूरज सिंह ने अपने पिता के साथ मारपीट की है और कृष्णा सिंह घर में बेहोशी की हालत में पड़े हैं।
सूचना मिलते ही योगादर घर पहुंचे। वहां कृष्णा सिंह खटिया पर बेहोश पड़े थे और उनके नाक, मुंह व कान से खून निकल रहा था। गंभीर हालत को देखते हुए परिजनों ने एंबुलेंस बुलाकर उन्हें शासकीय अस्पताल केरसेई पहुंचाया।
कुनकुरी अस्पताल पहुंचने पर हुई मौत
केरसेई अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद कृष्णा सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें कुनकुरी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें कुनकुरी लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। जांच में घटनास्थल तपकरा थाना क्षेत्र का पाए जाने पर संबंधित दस्तावेज तपकरा पुलिस को भेजे गए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घरेलू विवाद के दौरान किया हमला
पुलिस ने सात अगस्त को आरोपी सूरज सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि पिता-पुत्र के बीच घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर सूरज ने घर में रखे सील-लोढ़ा से अपने पिता कृष्णा सिंह के सिर पर वार कर दिया।
हमले से कृष्णा सिंह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। बाद में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
सील-लोढ़ा जब्त, आरोपी भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल सील-लोढ़ा बरामद कर लिया है। घटनास्थल की जांच, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सूरज सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि तपकरा थाना क्षेत्र में पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है। घटना में इस्तेमाल सील-लोढ़ा भी जब्त किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस घटना के बाद सिंगीबहार गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस घरेलू विवाद की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।




