रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में पालतू कुत्ता घुमाने की बात को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि मामूली कहासुनी के बाद तीन लोगों ने एक युवक और उसकी बुआ के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना मठपुरैना स्थित सिमरन सिटी की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे मठपुरैना निवासी हियल नायक अपने घर के पालतू कुत्ते को घुमाने के लिए बाहर निकला था। इसी दौरान मोहल्ले के प्रांचल भारती ने कथित तौर पर उससे यहां कुत्ता घुमाने को लेकर आपत्ति जताई। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया और आरोप है कि प्रांचल ने हियल के साथ मारपीट कर दी।

घर पहुंचने के बाद फिर बढ़ा विवाद

घटना के बाद हियल घर पहुंचा और परिजनों को इसकी जानकारी देने लगा। आरोप है कि इसी दौरान प्रांचल भारती के पिता करण भारती भी वहां पहुंच गए और विवाद दोबारा बढ़ गया। इस दौरान मारपीट और गाली-गलौज किए जाने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता निकीता सोनी की रिपोर्ट पर टिकरापारा थाना पुलिस ने प्रांचल भारती, करण भारती और कल्याणी सोनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।