दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दो सगे भाइयों के बीच चॉइस सेंटर के हिसाब-किताब को लेकर चल रहा विवाद हत्या तक पहुंच गया। आरोप है कि विवाद के दौरान बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के साईनगर बघेरा की है। मृतक की पहचान कैलाश देवांगन के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका बड़ा भाई देवेन्द्र देवांगन है। दोनों भाई चॉइस सेंटर का संचालन करते थे।
चॉइस सेंटर को लेकर दोनों भाइयों में होता था विवाद
जानकारी के अनुसार, देवेन्द्र और कैलाश देवांगन सगे भाई थे। दोनों अलग-अलग चॉइस सेंटर का संचालन करते थे। पुराने चॉइस सेंटर में अधिक काम होने की बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी इसी कारोबार के हिसाब-किताब को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
गुस्से में सिर पर कुल्हाड़ी से किया वार
पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने के दौरान देवेन्द्र देवांगन ने अपने छोटे भाई कैलाश के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि कैलाश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
आरोपी भाई हिरासत में, हत्या का मामला दर्ज
मामले में थान सिंह देवांगन की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी देवेन्द्र देवांगन को हिरासत में ले लिया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।




