धमतरी। जिले के बहुचर्चित अन्नपूर्णा ढाबा ट्रिपल मर्डर केस में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। तीन युवकों की हत्या के मामले में पांच आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। यह वारदात अगस्त 2025 में अर्जुनी थाना क्षेत्र के भोयना स्थित अन्नपूर्णा ढाबा के पास हुई थी। घटना में रायपुर के तीन युवकों की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी।
खाना खाने पहुंचे थे युवक, विवाद के बाद हुआ हमला
मामला 11 अगस्त 2025 की रात का है। रायपुर के कुछ युवक धमतरी आए हुए थे और अपने स्थानीय दोस्तों के साथ अर्जुनी थाना क्षेत्र स्थित अन्नपूर्णा ढाबा पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद युवकों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
आरोपियों ने युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में आलोक ठाकुर, नितिन टांडी और सुरेश हियाल की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद दो युवक किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
वारदात के बाद पुलिस ने की थी ताबड़तोड़ कार्रवाई
ट्रिपल मर्डर की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अर्जुनी पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने मामले में आठ आरोपियों को पकड़ा था, जिनमें तीन विधि से संघर्षरत बालक बताए गए थे। पांच वयस्क आरोपियों की पहचान गोपी दीवान, कुलेश्वर नेताम, रणवीर कुमार साहू, कमलेश ध्रुव और गौतम दीवान के रूप में हुई थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया था।
तीन युवकों की हत्या से दहल गया था धमतरी
ढाबे के पास एक साथ तीन युवकों की हत्या से धमतरी समेत पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मृतक रायपुर के रहने वाले थे। आलोक ठेकेदारी का काम करता था, जबकि सुरेश और नितिन ड्राइवर बताए गए थे।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से जांच आगे बढ़ाई और आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में प्रकरण पेश किया।
पांच दोषियों को आजीवन कारावास
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत के सामने गवाहों के बयान और जांच में जुटाए गए साक्ष्य पेश किए गए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने पांच आरोपियों को दोषी करार दिया।
न्यायालय ने गोपी दीवान, कुलेश्वर नेताम, रणवीर कुमार साहू, कमलेश ध्रुव और गौतम दीवान को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
करीब एक साल पहले हुई इस सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर की घटना में अदालत का फैसला आने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है।





