खरोरा। रायपुर जिले के खरोरा क्षेत्र में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से मंगलसूत्र और सोने का हार झपट लिया और तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए। घटना रेस्टहाउस के सामने किराना दुकान के पास हुई। वारदात के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।


बाजार से लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, खरोरा निवासी साहू परिवार मूल रूप से इल्दा गांव का रहने वाला है। परिवार निजी काम से बाजार आया था और काम निपटाने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान रेस्टहाउस के सामने किराना दुकान के पास ब्रेकर के आसपास बाइक सवार बदमाशों ने महिला को निशाना बनाया।


अचानक गले से झपटा मंगलसूत्र और हार

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने मौका देखकर महिला के गले से मंगलसूत्र और सोने का हार झपट लिया। वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला और उसके परिजन कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपी बाइक से फरार हो गए।


लोगों ने किया पीछा, बालोद बाजार की ओर भागे बदमाश

घटना के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी बालोद बाजार की ओर भागते दिखाई दिए। हालांकि बुडेरा चौक के आगे वे किस दिशा में गए, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।


CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।