बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात का दिखेगा असर, बस्तर संभाग समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की आशंका; मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह।
रायपुर, 27 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना बढ़ गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 27 अक्टूबर को भारी बारिश और 28 व 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा।
बस्तर संभाग के जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात का प्रभाव दक्षिण छत्तीसगढ़ में अधिक दिखाई दे सकता है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव और गरियाबंद जिलों में मंगलवार सुबह गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
28 और 29 अक्टूबर को बढ़ सकती है बारिश की तीव्रता
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 28 अक्टूबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं। वहीं, चुनिंदा स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश भी हो सकती है। खराब मौसम के दौरान तेज हवाओं और आकाशीय बिजली से सतर्क रहने की जरूरत है।
रायपुर में आज छाए रहेंगे बादल, बारिश की संभावना
राजधानी रायपुर में मंगलवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान
बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान 'अर्नब' आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ रहा है। इसके 28 अक्टूबर के आसपास तटीय क्षेत्र से टकराने का अनुमान है। चक्रवात के प्रभाव से छत्तीसगढ़ सहित आसपास के राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
प्रशासन सतर्क, लोगों से सावधानी बरतने की अपील
चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला प्रशासन को आवश्यक सतर्कता बरतने और आपातकालीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने को कहा गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए नागरिकों को खराब मौसम में पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने तथा अनावश्यक यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानी बरतने की आवश्यकता है।





