सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक युवक और युवती के शव जंगल में पेड़ से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


कोटबहरा जंगल में मिले दोनों के शव

मामला लटोरी चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह कल्याणपुर के कोटबहरा जंगल में ग्रामीणों ने एक पेड़ से युवक और युवती के शव लटके देखे। दोनों शव एक ही दुपट्टे से बने फंदे पर मिले। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।

बताया जा रहा है कि युवक और युवती एक ही गांव के रहने वाले थे और दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।


पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

सूचना मिलने पर लटोरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। इसके बाद दोनों शवों को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने संबंधित लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है।

फिलहाल दोनों की मौत के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।