धमतरी। शहर के तीन वार्डों में दूषित पानी और गंदगी के कारण पीलिया और टाइफाइड के मामले तेजी से बढ़े हैं। नया पारा, रिसाई पारा और रामसागर पारा में अब तक 37 से अधिक लोग बीमार बताए जा रहे हैं। प्रभावित लोगों में बच्चों की संख्या भी अधिक है, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि नया पारा क्षेत्र में कई डेयरियों से निकलने वाला गोबर और गंदा पानी नालियों में बहाया जा रहा है। इससे नालियां जाम हो रही हैं और गंदगी सड़कों तक फैल रही है। लोगों का कहना है कि पाइपलाइन में लीकेज के कारण नालियों का दूषित पानी पेयजल में मिल रहा है, जिससे बीमारी फैलने की आशंका है।
रिसाई पारा और रामसागर पारा में भी मिले मरीज
जानकारी के अनुसार, रिसाई पारा में 10 और रामसागर पारा में 7 मरीज सामने आए हैं। लगातार नए मामले मिलने से तीनों वार्डों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है और जल्द कार्रवाई की मांग की है।
वार्डवासियों की प्रमुख मांग है कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल व्यापक साफ-सफाई कराई जाए और रिहायशी इलाकों में संचालित डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
पाइपलाइन लीकेज की तलाश में जुटा जल विभाग
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम का जल विभाग सक्रिय हो गया है। पाइपलाइन में संभावित लीकेज का पता लगाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर खुदाई कर जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने लोगों से फिलहाल पानी को उबालकर पीने और साफ पेयजल का इस्तेमाल करने की अपील की है।
घर-घर सर्वे कर रहा स्वास्थ्य विभाग
स्वास्थ्य विभाग की टीम भी प्रभावित वार्डों में पहुंचकर घर-घर सर्वे कर रही है। बीमार लोगों की जांच के साथ ही संभावित मरीजों की पहचान की जा रही है।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द दूषित पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।





