नारायणपुर। जिले के परियना जेईई/नीट आवासीय कोचिंग सेंटर, गरांजी ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए नारायणपुर का गौरव बढ़ाया है। NEET-2026 परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों का शुक्रवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समारोह में कलेक्टर नम्रता जैन ने सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाई, उपहार भेंट किए और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की कठिन प्रतियोगी परीक्षा में जिले के विद्यार्थियों की सफलता पूरे नारायणपुर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज और देश की सेवा करने का आह्वान किया।

जानकारी के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2025-26 में परियना जेईई/नीट आवासीय कोचिंग सेंटर के विज्ञान संकाय से 102 विद्यार्थियों ने NEET-2026 परीक्षा दी थी। इनमें से 11 विद्यार्थियों ने परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की।

इनमें छात्रा भावनी मांझी का शासकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए चयन लगभग तय हो चुका है, जबकि श्वेता ठाकुर के भी शासकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में प्रवेश की प्रबल संभावना है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, एसडीएम डॉ. सुमित गर्ग, जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र नाथ पांडे सहित शिक्षकगण एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।