सूरजपुर। कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर सोमवार को जनपद पंचायत सूरजपुर परिसर में स्वच्छता श्रमदान अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छता से जुड़े विभिन्न समूहों ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।

इस अभियान में जिला स्तरीय अधिकारी, जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छताग्राही दीदियां तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़े कैडर सक्रिय रूप से शामिल हुए। सभी ने मिलकर परिसर की सफाई की और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन की आदत बनाना आवश्यक है। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने और समाज की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण तैयार करने पर जोर दिया।

अभियान के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वच्छता गतिविधियों में लगातार सहयोग देने और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।