रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रयास आवासीय विद्यालय से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले एक छात्र को कथित तौर पर तांत्रिक क्रिया करने के आरोप में विद्यालय से बाहर कर ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) देने का मामला सामने आया है। छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री शिकायत सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

3 सितंबर को हुआ था छात्र का दाखिला

परिजनों के अनुसार, छात्र का 3 सितंबर 2026 को प्रयास आवासीय विद्यालय में दाखिला कराया गया था। परिवार का आरोप है कि प्रवेश के कुछ समय बाद विद्यालय प्रबंधन ने छात्र पर तांत्रिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया और उसे संस्था से बाहर कर दिया। साथ ही छात्र को टीसी भी सौंप दी गई।

परिजनों का कहना है कि छात्र के खिलाफ कार्रवाई से पहले उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी गई। परिवार को कार्रवाई हो जाने के बाद पूरे मामले की जानकारी मिलने का दावा किया गया है।

कागजों पर जबरन हस्ताक्षर कराने का भी आरोप

छात्र के परिजनों ने विद्यालय के अधिकारियों पर कुछ दस्तावेजों पर कथित रूप से दबाव बनाकर हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही प्राचार्य प्रमिला शुक्ला पर भी परिवार को धमकाने का आरोप लगाया गया है।

परिजनों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन ने उन्हें अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया। घटना के बाद परिवार छात्र को लेकर महासमुंद लौट गया है।

मुख्यमंत्री शिकायत सेल में दर्ज कराई शिकायत

पूरे मामले को लेकर परिजनों ने मुख्यमंत्री शिकायत सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। परिवार ने छात्र को विद्यालय से बाहर किए जाने और टीसी जारी करने की परिस्थितियों की जांच कराने के साथ जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

प्रयास आवासीय विद्यालय मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के तहत संचालित किए जाते हैं। फिलहाल छात्र पर लगाए गए आरोपों और स्कूल प्रबंधन की कार्रवाई को लेकर संबंधित विभाग या विद्यालय की विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

अब शिकायत की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्र के खिलाफ कार्रवाई किन परिस्थितियों में की गई और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।