रायपुर। छत्तीसगढ़ के भिलाई की होनहार नेटबॉल खिलाड़ी सोनम शर्मा का चयन 14वीं एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय महिला नेटबॉल टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 8 से 15 अगस्त 2026 तक हांगकांग में आयोजित होगी। करीब एक माह तक चले राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के बाद भारतीय टीम की आधिकारिक घोषणा की गई, जिसमें सोनम ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर अंतिम टीम में स्थान बनाया।

सोनम शर्मा इससे पहले भी एशियन सीनियर नेटबॉल चैंपियनशिप और एशियन जूनियर नेटबॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।

सोनम के चयन पर नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष मीना केरकेट्टा, महासचिव राजेश राठौर सहित संघ के सभी पदाधिकारियों, वरिष्ठ खिलाड़ियों और प्रदेशभर के जिला अध्यक्षों एवं सचिवों ने उन्हें बधाई देते हुए प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि सोनम की यह उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता से नेटबॉल के प्रति युवाओं का उत्साह बढ़ेगा और अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित होंगे।

नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के महासचिव राजेश राठौर ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न जिलों, विशेषकर जांजगीर-चांपा में नेटबॉल प्रतिभाओं को निखारने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। सोनम शर्मा जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के अनुभव का लाभ युवा खिलाड़ियों को दिलाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।