रायपुर। जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इस स्वर्णिम जीत में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की खिलाड़ी संजू देवी भी भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। भारत ने फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया।

मुख्यमंत्री साय ने फोन पर दी बधाई

भारतीय टीम की जीत के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से फोन पर बातचीत कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि संजू देवी ने अपनी मेहनत और खेल प्रतिभा से छत्तीसगढ़ के साथ देश का भी मान बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता में छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी की भागीदारी प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी जीत की शुभकामनाएं दीं।

सेमीफाइनल में नेपाल को दी थी मात

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने टूर्नामेंट में लगातार शानदार प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने नेपाल को 48-24 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। इसके बाद खिताबी मुकाबले में ईरान को मात देकर स्वर्ण पदक हासिल किया। संजू देवी ने टीम के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कोरबा की संजू ने राष्ट्रीय टीम तक बनाया सफर

कोरबा जिले की संजू देवी ने मेहनत और खेल कौशल के दम पर भारतीय महिला कबड्डी टीम में अपनी जगह बनाई है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों, खासकर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रही बेटियों के लिए प्रेरणा है।