रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने के बाद गर्मी और उमस फिर बढ़ गई है। राजधानी रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं, जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है।

आज भी कई इलाकों में बारिश की संभावना

शुक्रवार, 18 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। रायपुर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बिलासपुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान

बीते 24 घंटे में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा। पेंड्रा रोड, सल्हेवारा और चांपा में करीब 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य के आसपास है, लेकिन सामान्य से करीब पांच प्रतिशत की कमी बनी हुई है।

19 सितंबर से सक्रिय हो सकता है नया सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार, 19 सितंबर के आसपास उत्तरी अंडमान सागर में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बाद यह सिस्टम मजबूत होकर दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

बस्तर संभाग के इन जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर में बारिश, गरज-चमक, तेज हवा और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।