रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। 19 सितंबर से प्रदेश में बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ने के आसार हैं।

अभी सामान्य से करीब 5 प्रतिशत कम बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में अब तक मानसूनी बारिश सामान्य के आसपास है, लेकिन कुल वर्षा में करीब पांच प्रतिशत की कमी बनी हुई है।

अगले दो दिन भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और वज्रपात की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं। 19 सितंबर के बाद बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।

दुर्ग में सबसे अधिक 34.5 डिग्री तापमान

बीते 24 घंटे में दुर्ग में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

रायपुर में छाए रह सकते हैं बादल

राजधानी रायपुर में गुरुवार, 17 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।