रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल कमजोर पड़ गई है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जबकि रायपुर समेत कई इलाकों में तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।

रायपुर में हल्की बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। धूप निकलने पर उमस और गर्मी का असर भी महसूस हो सकता है।

माना में पारा 33.2 डिग्री तक पहुंचा

बीते 24 घंटे में प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान माना में 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 20 डिग्री सेल्सियस रहा। सक्रिय मौसमी सिस्टम के झारखंड की ओर बढ़ने के कारण बस्तर में भी बारिश की गतिविधियां कम होने का अनुमान है।

दंतेवाड़ा में सबसे ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दंतेवाड़ा के बड़े बचेली में 6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। करतला, देवभोग, छाल और नया बाराद्वार में 3-3 सेंटीमीटर, जबकि कवर्धा और कटेकल्याण में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा हुई। कई अन्य क्षेत्रों में भी करीब एक सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

राजस्थान से मानसून की विदाई जल्द

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, राजस्थान में बारिश की गतिविधियां कम होने के बाद करीब 19 सितंबर से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो सकती है। हालांकि छत्तीसगढ़ में मानसून अभी कुछ समय तक बने रहने की संभावना है। प्रदेश में सामान्य तौर पर सितंबर के अंत तक मानसून सक्रिय रहता है और अक्टूबर के पहले पखवाड़े तक इसकी विदाई हो जाती है।