रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून विदाई से पहले एक बार फिर जोर पकड़ सकता है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के मजबूत क्षेत्र का असर प्रदेश के कई हिस्सों में दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने 22 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं 24 सितंबर को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में तेज बारिश के आसार हैं।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है मजबूत सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम-मध्य और उससे लगे पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।

यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले 24 से 48 घंटे में अवदाब से गहरे अवदाब में बदल सकता है। इसके 23 सितंबर की सुबह तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के करीब पहुंचने की संभावना है। इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ने की उम्मीद है।

कई जिलों में हुई हल्की से मध्यम बारिश

बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। भैरमगढ़ में सर्वाधिक 5 सेंटीमीटर, गंगालूर में 4 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं बिहारपुर, रतनपुर, दुर्ग, बेलगहना और पेंड्रा रोड में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

रायपुर में बादल छाए रहने के आसार

राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। शहर में एक-दो दौर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।