रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बाद भी मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। दिन में तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। हालांकि, अगले दो दिनों तक अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इसके बाद कुछ स्थानों पर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

राजधानी रायपुर में तेज धूप, 35 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। ऐसे में दिन के समय लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

अगले दो दिनों तक शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क बना रह सकता है। इसके बाद एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। मानसून की विदाई के बावजूद सक्रिय मौसमी परिस्थितियों के कारण कुछ क्षेत्रों में बादल छाने और बारिश होने के आसार बने हुए हैं।

40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में भी कुछ स्थानों पर ऐसी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर में सबसे कम तापमान

प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क रहा। हालांकि, एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान राजनांदगांव में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

रविवार को दुर्ग में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री, जगदलपुर में 33.2 डिग्री, माना में 32.9 डिग्री, बिलासपुर में 32.4 डिग्री, पेंड्रारोड में 31.4 डिग्री और अंबिकापुर में 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मानसून की विदाई के बीच सक्रिय है मौसमी सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, सुंदरगढ़, बरगढ़, बीजापुर, हैदराबाद, बेलगावी और पणजी से होकर गुजर रही है। वहीं, उत्तर-पश्चिम राजस्थान से उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले दो दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं। फिलहाल छत्तीसगढ़ में दिन के समय गर्मी बनी रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।