अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में एक युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से रविवार को काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बताया जा रहा है कि युवक अपनी पसंद का भोजन नहीं मिलने से नाराज होकर गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, मामला ग्राम जमगला का है। यहां रहने वाला शिव शंकर (पिता- शुकुल) अचानक गांव में स्थापित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। स्थानीय लोगों ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी देर तक युवक से बातचीत की और समझाइश दी। लंबे प्रयास के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।
परिजनों ने बताया कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका उपचार भी चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने युवक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। घटना के पीछे भोजन को लेकर नाराजगी की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।




