कांकेर। दैनिक जागरण ब्यूरो: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा शुक्रवार को एक दिवसीय प्रवास पर कांकेर पहुंचे। जिला मुख्यालय आगमन के पश्चात उन्होंने जिला पंचायत सभा कक्ष में सर्व आदिवासी समाज के प्रमुखों एवं प्रबुद्धजनों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। इस महत्वपूर्ण बैठक में क्षेत्र के जनजातीय विकास, सामाजिक सरोकार और स्थानीय समस्याओं को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया जा रहा है।
पुनर्वास नीति की करेंगे समीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बैठक के उपरांत उपमुख्यमंत्री भानूप्रतापपुर अंतर्गत मुल्ला कैंप के लिए प्रस्थान करेंगे। यहाँ वे मुख्यधारा में लौट चुके (आत्मसमर्पित) पूर्व नक्सलियों से भेंट कर शासन की पुनर्वास नीति के क्रियान्वयन और उनकी वर्तमान स्थिति की जमीनी समीक्षा करेंगे।
जनसमस्या निवारण शिविर में होंगे शामिल इसके पश्चात गृह मंत्री का बोडागांव कैंप जाने का कार्यक्रम है, जहाँ वे आयोजित 'जन समस्या निवारण शिविर' में सम्मिलित होकर सीधे ग्रामीणों से रू-ब-रू होंगे और जनशिकाायतों का त्वरित निराकरण करेंगे। साथ ही मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे। राजनीतिक गलियारों और प्रशासनिक हल्के में डिप्टी सीएम के इस बस्तर दौरे को नक्सल उन्मूलन, पुनर्वास और अंदरूनी क्षेत्रों में जनविश्वास बहाली की दिशा में बेहद अहम माना जा रहा है।





