धमतरी। धमतरी पुलिस की सतर्क चेकिंग के दौरान अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। सिहावा थाना पुलिस ने परिवार का रूप धारण कर यात्रा कर रहे दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चों के साथ सफर कर रहे तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 18 किलो 626 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा, एक अमेज कार और तीन मोबाइल फोन सहित करीब 14 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
इस मामले में गिरफ्तार एक आरोपी अस्पताल परिसर से पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने दिनभर की सघन घेराबंदी और तलाश अभियान के बाद पुनः गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिहावा पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के बोलांगीर और भवानीपटना क्षेत्र से गांजा लेकर एक सफेद रंग की अमेज कार (क्रमांक एमएच-27-डीटी-0319) महाराष्ट्र की ओर जा रही है।





