महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गांजा मंगाने वाले आरोपी को मध्यप्रदेश के मंडला जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी तस्करी नेटवर्क में फॉरवर्ड लिंक के रूप में जुड़ा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अषाडु दास (34), निवासी घटिया पोस्ट लफरा, थाना बम्हनी बंजर, जिला मंडला, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना कोमाखान में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में कार्रवाई की गई है।

8.290 किलो गांजे के साथ पकड़ा गया था तस्कर

मामला 25 अगस्त 2026 का है। कोमाखान पुलिस की टीम एनएच-53 पर कोमाखान चौखड़ी के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम टेमरी स्थित काली मंदिर के पास एक संदिग्ध युवक बैग लेकर बस का इंतजार कर रहा है और उसके पास गांजा मौजूद है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान शिबु मुण्ड (27), निवासी बनीजरा, थाना जुनागढ़, जिला कालाहांडी, ओडिशा के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान उसके बैग से 8.290 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 14 हजार 500 रुपये बताई गई। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया था। इसके बाद उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पूछताछ में खुला मंडला कनेक्शन

पुलिस पूछताछ में शिबु मुण्ड ने बताया कि वह गांजा ओडिशा के जुनागढ़ से लेकर मध्यप्रदेश के मंडला निवासी अषाडु दास के लिए जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने तस्करी नेटवर्क की आगे की कड़ियों की जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल डाटा और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस को अषाडु दास की भूमिका के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद महासमुंद पुलिस की टीम मध्यप्रदेश के मंडला पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, अषाडु दास इस मामले में गांजा मंगाने वाला व्यक्ति था। उसकी गिरफ्तारी से ओडिशा से मध्यप्रदेश तक फैले तस्करी नेटवर्क की एक अहम कड़ी सामने आई है।

पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की तैयारी

महासमुंद पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में केवल परिवहन करने वालों की गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी जा रही है। तस्करी के सोर्स प्वाइंट, सप्लाई चेन और डेस्टिनेशन प्वाइंट तक पहुंचकर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सभी थाना-चौकी प्रभारियों को ऐसे मामलों में तकनीकी जांच के साथ वित्तीय लेन-देन और पूरे नेटवर्क की भूमिका की पड़ताल करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने इस मामले में अब तक 8.290 किलो गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।