धमतरी। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत बोराई पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ओडिशा से धमतरी की ओर आ रही एक यात्री बस की जांच के दौरान दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। उनके कब्जे से 11.33 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। दोनों आरोपी मध्यप्रदेश के देवास जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
बोराई बैरियर पर रोकी गई यात्री बस
पुलिस के मुताबिक 15 सितंबर 2026 को थाना बोराई की टीम बैरियर नाका के पास वाहनों और यात्रियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से धमतरी आ रही यात्री बस CG 04 EA 2476 को रोका गया। तलाशी के दौरान बस में बैठे दो युवकों के पास संदिग्ध सामान मिला। जांच करने पर उसमें गांजा पाया गया।
दोनों आरोपी मध्यप्रदेश के देवास जिले के
पुलिस ने इस मामले में निखिल वर्मा (26) और मोहित गोदरा (28) को गिरफ्तार किया है। निखिल सतवास और मोहित गोलागुठान क्षेत्र का निवासी है। दोनों स्थान देवास जिले के सतवास थाना क्षेत्र में आते हैं।
2.32 लाख रुपये से अधिक का सामान जब्त
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से बरामद 11.33 किलो गांजे की अनुमानित कीमत 2.20 लाख रुपये है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और 2,350 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। पूरी जब्ती की कीमत करीब 2 लाख 32 हजार 350 रुपये आंकी गई है।
NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ बोराई थाने में अपराध क्रमांक 16/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
तस्करी नेटवर्क की कड़ियां तलाश रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे मध्यप्रदेश में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। धमतरी पुलिस ने कहा है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





