कबीरधाम। छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा पर चिल्फी पुलिस ने एक कार से 12 किलो 630 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए कार की ड्राइवर सीट के पीछे गुप्त चेंबर बनाकर गांजे के पैकेट छिपा रखे थे। मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।

मुखबिर की सूचना पर NH-30 पर नाकाबंदी

पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त को चिल्फी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक हुंडई ऑरा कार में गांजा लेकर कुछ लोग कवर्धा-चिल्फी मार्ग से जबलपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और NH-30 पर चिल्फी थाने के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

इसी दौरान संदिग्ध हुंडई ऑरा कार क्रमांक MP-65-ZB-7179 वहां पहुंची। पुलिस ने कार को रोककर उसमें सवार लोगों से पूछताछ की और वाहन की बारीकी से तलाशी ली।

सीट के पीछे मिला गुप्त चेंबर

जांच के दौरान पुलिस की नजर ड्राइवर सीट के पीछे विशेष रूप से बनाए गए चेंबर पर पड़ी। चेंबर को खोलकर देखा गया तो उसमें खाकी रंग के टेप में लिपटे 12 पैकेट मिले।

पुलिस ने नारकोटिक ड्रग्स डिटेक्शन किट से जांच की तो पैकेटों में गांजा होने की पुष्टि हुई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर गांजे का कुल वजन 12.630 किलोग्राम निकला। इसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।

दो युवक गिरफ्तार, एक नाबालिग भी पकड़ा गया

पुलिस ने मामले में हरिओम बंजारा (23 वर्ष) और लेखराज बंजारा (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। इनके साथ एक नाबालिग भी पकड़ा गया है, जिसके संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत अलग कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने जब्ती की पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई। गांजे के पैकेटों को नियमानुसार तौलकर सीलबंद किया गया।

कार समेत 12.11 लाख की संपत्ति जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 12.630 किलो गांजा, हुंडई ऑरा कार और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 12.11 लाख रुपये आंकी गई है।

आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी, इसे किसे पहुंचाया जाना था और इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।