बलौदाबाजार। शहर के बस स्टैंड में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बस वाहन चालक-परिचालक संघ ने अचानक सभी बसों का संचालन रोक दिया। बसों के पहिए थमने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हड़ताल का कारण एक बस चालक के साथ कथित मारपीट की घटना बताई जा रही है।

बताया गया कि सुबह राधेश्याम बस सर्विस के चालक राधेलाल बांधे का सवारी बैठाने को लेकर एक ऑटो चालक से विवाद हो गया। आरोप है कि ऑटो चालक ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी चालक उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया।

बस चालकों ने रोका संचालन

घटना के बाद बस चालकों और परिचालकों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने एकजुट होकर बसों का संचालन बंद कर दिया और आंदोलन पर बैठ गए। इससे बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई और कई लोगों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा।

चालकों का कहना है कि ऑटो चालकों की मनमानी और आए दिन होने वाले विवादों से वे परेशान हैं। उनका आरोप है कि बस स्टैंड के अंदर सवारी बैठाने को लेकर अक्सर विवाद की स्थिति बनती है।


आरोपी ऑटो चालकों पर कार्रवाई की मांग

बस चालक संघ ने मांग की है कि चालक राधेलाल बांधे के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए।

संघ ने स्पष्ट किया कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, बसों का संचालन शुरू नहीं किया जाएगा।


ऑटो के लिए अलग स्टैंड बनाने की मांग

बस चालकों ने यह भी मांग रखी कि ऑटो रिक्शा चालकों को मुख्य बस स्टैंड के अंदर प्रवेश की अनुमति न दी जाए और उनके लिए अलग ऑटो स्टैंड बनाया जाए।

चालकों का कहना है कि अलग स्टैंड बनने से सवारी बैठाने को लेकर होने वाले विवादों में कमी आएगी और बस स्टैंड की व्यवस्था भी बेहतर होगी।


प्रशासन और पुलिस ने की समझाइश

घटना की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली पुलिस, आरटीओ अधिकारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे चालकों से बातचीत की और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

हालांकि बातचीत के बाद भी चालक अपनी मांगों पर अड़े रहे और बस सेवा शुरू करने से इनकार कर दिया।

बस संचालकों और बस स्टैंड के व्यापारियों ने भी चालकों की मांग का समर्थन किया है। फिलहाल प्रशासन और चालकों के बीच बातचीत जारी है और बस सेवा प्रभावित बनी हुई है।