बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। वाड्रफनगर के बनारस रोड पर मजदूरों को लेकर उत्तर प्रदेश से हैदराबाद जा रही बस और बोलेरो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में करीब 50 वर्षीय एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि बस और बोलेरो में सवार कई लोग घायल हो गए।
घटना वाड्रफनगर स्थित पुरानी नर्सरी के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बस उत्तर प्रदेश के दुद्धी से मजदूरों को लेकर तेलंगाना के हैदराबाद जा रही थी। रास्ते में पुरानी नर्सरी के पास बस और सामने से आ रही बोलेरो के बीच टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
उत्तर प्रदेश के मजदूर की गई जान
हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान उत्तर प्रदेश के मोहली निवासी करीब 50 वर्षीय सहदेव, पिता थुरच के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में बोलेरो सवार कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। बस में मौजूद कुछ मजदूर भी घायल हुए हैं।
टक्कर में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई बोलेरो
बस और बोलेरो की टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके लिए कौन से कारण जिम्मेदार रहे, इसकी पड़ताल की जा रही है।




