गरियाबंद। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को शासकीय जिला चिकित्सालय गरियाबंद में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर रणबीर शर्मा, वरिष्ठ नागरिक अनिल चंद्राकर और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने रक्तदान कर अपनी सहभागिता निभाई। कलेक्टर ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
रक्तदान से जरूरतमंदों को मिलती है नई उम्मीद
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दुर्घटना में घायल मरीजों, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों और प्रसव के दौरान रक्त की आवश्यकता वाली महिलाओं के लिए समय पर रक्त उपलब्ध होना बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं का भी बढ़ाया हौसला
शिविर में पहली बार रक्तदान करने पहुंचे युवाओं को भी प्रोत्साहित किया गया। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए रक्तदाताओं के स्वास्थ्य परीक्षण, रक्त संग्रहण और भंडारण की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से संचालित की जाए।
जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं का किया निरीक्षण
रक्तदान शिविर के बाद कलेक्टर ने जिला अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने आपातकालीन कक्ष में मरीजों के उपचार और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। साथ ही मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने और आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
अटल आरोग्य लैब में 148 प्रकार की जांच की सुविधा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अटल आरोग्य लैब का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि यहां वर्तमान में खून और पेशाब सहित 148 प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध है। कलेक्टर ने जांच प्रक्रिया, रिपोर्ट वितरण और जरूरी संसाधनों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
दंत चिकित्सा कक्ष का भी लिया जायजा
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने अस्पताल के दंत चिकित्सा कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध उपकरणों और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और बेहतर उपचार सुविधा सुनिश्चित की जाए।





