रायपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में 'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी 10 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में अभियान चलाएगी। इस दौरान करीब 3,000 स्थानों पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।
अभियान के सफल संचालन के लिए प्रदेश स्तर पर एक समिति का गठन किया गया है। पार्टी ने यशवंत जैन को समिति का संयोजक बनाया है। राष्ट्रीय संगठन के निर्देशों के अनुरूप अभियान को गांव से लेकर शहर तक व्यापक स्तर पर संचालित करने की रणनीति तैयार की गई है।
भाजपा संगठन ने प्रदेश और जिला स्तर पर अभियान की जिम्मेदारी संभालने के लिए अलग-अलग टीमें गठित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सभी जिलों में 31 जुलाई तक बैठकें पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अभियान की रूपरेखा अंतिम रूप ले सके।
पार्टी इस अभियान के तहत प्रदेश के 476 मंडलों पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रत्येक मंडल में प्रमुख तिरंगा यात्रा के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राजधानी रायपुर सहित सभी जिलों में बड़े पैमाने पर आयोजन की तैयारी है। कई शहरों में आयोजित तिरंगा यात्राओं में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल होंगे।





