रायपुर। छत्तीसगढ़ के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप आज दोपहर 12 बजे सहकारिता विभाग की अहम समीक्षा बैठक करेंगे। यह बैठक छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक), नवा रायपुर के सभा कक्ष में आयोजित होगी।

बैठक में सहकारिता विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों और विभागीय गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और पारदर्शिता बढ़ाने को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा होगी।

बैठक में सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, प्रबंध संचालक, संभागीय संयुक्त आयुक्त, उप एवं सहायक आयुक्तों के अलावा सभी जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

माना जा रहा है कि बैठक में विभागीय योजनाओं की मौजूदा स्थिति का आकलन करने के साथ ही आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की जाएगी, ताकि सहकारिता क्षेत्र की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।