मुंबई। टीवी के सबसे चर्चित और विवादित रियलिटी शो 'बिग बॉस' के 20वें सीजन की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। शो के मेकर्स ने सोशल मीडिया पर नया पोस्टर जारी कर इसकी जानकारी दी। इसके साथ ही फैंस के बीच नए सीजन को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है। हालांकि, शो की ऑन-एयर डेट और कंटेस्टेंट्स की आधिकारिक सूची अभी सामने नहीं आई है।


मेकर्स ने किया 20वें सीजन का ऐलान

शो के मेकर्स ने पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि दो दशक बाद भी 'बिग बॉस' अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। लड़ाई-झगड़ों, इमोशनल मोमेंट्स, मनोरंजक टास्क और दमदार प्रतियोगियों की वजह से यह शो वर्षों से दर्शकों का पसंदीदा बना हुआ है। कई प्रतिभागियों को इस मंच से नई पहचान और लोकप्रियता भी मिली है।


इन सितारों के शामिल होने की चर्चा

20वें सीजन को लेकर कई सेलेब्स के नाम चर्चा में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार अरबाज पटेल, अर्जुन बिजलानी, भव्या सिंह, जन्नत जुबैर, करण पटेल, मिस्टर फैजू, निया शर्मा, रिद्धिमा गुप्ता, रुरु ठाकुर और सैंटी शर्मा जैसे चेहरे शो में नजर आ सकते हैं।

हालांकि, मेकर्स की ओर से अब तक किसी भी कंटेस्टेंट के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में फिलहाल इन नामों को केवल अटकलों के तौर पर देखा जा रहा है।


जल्द सामने आएगी पूरी जानकारी

फैंस अब शो की लॉन्च डेट, थीम और कंटेस्टेंट्स की आधिकारिक घोषणा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मेकर्स नए सीजन से जुड़े कई बड़े खुलासे कर सकते हैं।