बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12.7 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 6.35 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश ले जाने की फिराक में थे।


मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि नगरनार थाना क्षेत्र के धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास दो संदिग्ध युवक गांजे के साथ यात्री बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही नगरनार थाना पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।


उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान हरिओम शर्मा और मोनू चौरसिया के रूप में बताई। दोनों उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के निवासी हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से 12 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ।


ओडिशा से यूपी ले जा रहे थे गांजा

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा से गांजा खरीदकर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। पुलिस का मानना है कि यह अंतरराज्यीय तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा मामला हो सकता है। इस संबंध में आगे की जांच जारी है।


एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजे की खेप किससे खरीदी गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

पुलिस ने कहा कि बस्तर-ओडिशा सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार सघन जांच और अभियान जारी रहेगा।