बस्तर। जिले के प्रसिद्ध तीरथगढ़ जलप्रपात के समीप रविवार को एक कार अनियंत्रित होकर सुरक्षा रेलिंग से टकरा गई और झरने के ऊपरी हिस्से में जाकर फंस गई। हादसे में कार सवार चार युवक घायल हो गए। स्थानीय लोगों, पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, कार में सवार चारों युवक रायपुर के निवासी हैं और मानसून के दौरान तीरथगढ़ जलप्रपात घूमने आए थे। इसी दौरान जलप्रपात के पास उनकी कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और रेलिंग से टकरा गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दरभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से कार में फंसे सभी युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस की सहायता से उन्हें उपचार के लिए दरभा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

चिकित्सकों के अनुसार, चारों युवकों की हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। किसी भी युवक को गंभीर चोट नहीं आई है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण वाहन के अनियंत्रित होने को माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।