वाड्रफनगर (बलरामपुर)। वाड्रफनगर पुलिस ने वाहन चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, जिले में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार जांच और संदिग्धों पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान मिले सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
पहला मामला चौकी वाड्रफनगर के अपराध क्रमांक 103/2026 का है। वार्ड क्रमांक-9 निवासी सचीव कुशवाहा ने 29 जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 जून की रात उनके घर के बाहर खड़ी होंडा मोटरसाइकिल (CG 30 C 7930) अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305, 117(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सनावल थाना क्षेत्र के पीपरपान निवासी समीर ईराकी और संतोष पंडो को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने बाइक चोरी की वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी गई बाइक बरामद कर ली गई।
पूछताछ के दौरान पुलिस को वर्ष 2025 के एक अन्य वाहन चोरी के मामले में भी अहम जानकारी मिली। अपराध क्रमांक 135/2025 में 13 जुलाई 2025 को चोरी हुई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG 15 DV 8694) के संबंध में पता चला कि आरोपी समीर ईराकी ने बाइक को सनावल थाना क्षेत्र के मिनवाखाड़ निवासी उपेंद्र कुमार को ₹20 हजार में बेच दिया था। पुलिस ने उपेंद्र कुमार के कब्जे से वह बाइक भी बरामद कर ली।
इस मामले में पुलिस ने समीर ईराकी, संतोष पंडो और उपेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर दोनों मोटरसाइकिलें जब्त कीं। तीनों आरोपियों को 27 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार जांच की जा रही है और पुराने मामलों की भी समीक्षा की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन सुरक्षित स्थान पर खड़े करें, लॉक का उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।





