रायपुर। राजधानी रायपुर में फरार आरोपितों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विधानसभा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार दो आरोपितों के साथ एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए स्थायी वारंटी की पहचान बादशाह अली के रूप में हुई है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, चाकूबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल पांच लोगों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
तकनीकी जांच से पुलिस के हत्थे चढ़ा करण नायक
पुलिस के अनुसार, विधानसभा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 400/2026 में बीएनएस की धारा 109 और 3(5) के तहत प्रकरण की विवेचना चल रही थी। इस मामले में आरोपित करण नायक लंबे समय से फरार था। पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी का विश्लेषण करने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सूचना मिलने के बाद उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अमर नायक भी गिरफ्तार
एक अन्य मामले में अपराध क्रमांक 278/2026 के तहत फरार चल रहे अमर नायक को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115, 351, 117(2) और 109(1) के तहत मामला दर्ज है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उसे पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया।
स्थायी वारंटी बादशाह अली गिरफ्तार
विधानसभा पुलिस ने बीएसयूपी कॉलोनी, दलदल सिवनी निवासी बादशाह अली को भी गिरफ्तार किया है। बादशाह अली लंबे समय से स्थायी वारंट में फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। तकनीकी जानकारी और मुखबिर से मिले सुराग के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया और न्यायालय में पेश किया।
पांच लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
पुलिस ने विधानसभा थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, चाकूबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल पांच लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, इन गतिविधियों से क्षेत्र में अशांति और भय का माहौल बन रहा था। संबंधित लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
विधानसभा थाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फरार आरोपितों और वारंटियों की धरपकड़ लगातार जारी रहेगी। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, चाकूबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर निगरानी रखकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





