रायपुर। राजधानी रायपुर में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की NIT शाखा में सेंधमारी की कोशिश का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर बैंक की खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर घुसे और कई ताले तोड़ते हुए स्ट्रांग रूम तक पहुंच गए। हालांकि, वे बैंक से नकदी या लॉकर में रखी रकम चोरी करने में सफल नहीं हो सके।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बैंक प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। सरस्वती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रिल काटकर बैंक में घुसे चोर
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने बैंक में प्रवेश करने के लिए खिड़की की ग्रिल काटी। इसके बाद अंदर लगे ताले तोड़ते हुए वे स्ट्रांग रूम तक पहुंच गए। प्रारंभिक जानकारी में बैंक से नकदी या अन्य कीमती सामान चोरी होने की पुष्टि नहीं हुई है।
CCTV कैमरे तोड़े, तार भी काटे
वारदात के दौरान आरोपियों ने पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से बैंक में लगे CCTV कैमरों को नुकसान पहुंचाया। कैमरों के तार भी काट दिए गए, जिससे बैंक का CCTV सिस्टम क्षतिग्रस्त हो गया।
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
मामले में सरस्वती नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 305, 324(4) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस बैंक और आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।





