रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और आम लोगों की पहुंच में लाने के लिए शुरू की गई अटल आरोग्य लैब मरीजों के लिए राहत का जरिया बन रही है। रायगढ़ के किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय में संचालित इस लैब में मरीजों को विभिन्न प्रकार की चिकित्सा जांच की सुविधा निशुल्क मिल रही है। पिछले दो माह में यहां 6 हजार 44 मरीजों ने जांच कराई है, जबकि इस दौरान कुल 25 हजार 835 जांचें की गई हैं।

एक ही जगह 134 तरह की जांच की सुविधा

जिला चिकित्सालय की अटल आरोग्य लैब में 134 प्रकार की चिकित्सा जांच की सुविधा उपलब्ध है। इससे मरीजों को जरूरी जांच के लिए निजी पैथोलॉजी सेंटरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इसका बड़ा लाभ मिल रहा है। निशुल्क जांच होने से इलाज पर होने वाला खर्च भी कम हो रहा है।

अटल आरोग्य लैब योजना का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक और विश्वसनीय जांच सुविधाओं का विस्तार करना है। कोशिश है कि मरीजों को उपचार से जुड़ी जरूरी जांच के लिए दूसरे शहरों या निजी लैब पर निर्भर न रहना पड़े। रायगढ़ जिला अस्पताल पहुंचने वाले ग्रामीण और दूरदराज के मरीजों को भी इसका लाभ मिल रहा है।

डिजिटल माध्यम से मिल रही जांच रिपोर्ट

लैब में जांच की प्रक्रिया को भी सुविधाजनक बनाया गया है। जांच पूरी होने के बाद मरीजों को रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। इससे रिपोर्ट लेने के लिए बार-बार अस्पताल आने की जरूरत कम हो गई है। वहीं, चिकित्सकों को समय पर जांच रिपोर्ट मिलने से मरीजों का उपचार भी जल्द शुरू करने में मदद मिल रही है।

अटल आरोग्य लैब में एक ही स्थान पर विभिन्न जांच की सुविधा मिलने से मरीजों के समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है। निशुल्क जांच और डिजिटल रिपोर्ट जैसी सुविधाओं के जरिए सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में यह योजना महत्वपूर्ण साबित हो रही है।