मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल ने अपनी लंबे समय की पार्टनर गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स से शादी कर ली है। दोनों ने शुक्रवार को गोवा में बेहद निजी तरीके से विवाह की औपचारिकताएं पूरी कीं। अर्जुन और गैब्रिएला ने मापुसा स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में कुछ करीबी दोस्तों की मौजूदगी में अपनी शादी का रजिस्ट्रेशन कराया।

बताया जा रहा है कि दोनों शुक्रवार शाम करीब 4 बजे कैजुअल कपड़ों में रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे थे। शादी की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए उन्होंने स्थानीय अदालत के सहायक लोक अभियोजक से विशेष अनुमति भी ली। इसके बाद राज्य के यूनिफॉर्म सिविल कोड के तहत विवाह का पंजीकरण किया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी का प्रमाणपत्र उन्हें 15 दिनों के बाद मिलेगा।


2018 से साथ हैं अर्जुन और गैब्रिएला

दक्षिण अफ्रीका की रहने वाली गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स मॉडल और फैशन डिजाइनर हैं। अर्जुन और गैब्रिएला ने वर्ष 2018 के आखिर में एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था। दोनों लंबे समय से साथ हैं और वर्तमान में अपने परिवार के साथ गोवा में रह रहे हैं।

साल 2019 में दोनों के पहले बेटे अरिक का जन्म हुआ था। इसके बाद 2023 में वे दूसरी बार माता-पिता बने और उनके दूसरे बेटे अरिव का जन्म हुआ। पिछले साल दिसंबर में अर्जुन ने रिया चक्रवर्ती के पॉडकास्ट में गैब्रिएला के साथ अपनी सगाई की पुष्टि भी की थी।


मेहर जेसिया से 2019 में हुआ था तलाक

अर्जुन रामपाल की पहली शादी पूर्व मॉडल मेहर जेसिया से हुई थी। दोनों का तलाक 2019 में फाइनल हुआ। अर्जुन और मेहर की दो बेटियां माहिका और मायरा हैं। अलग होने के बाद भी दोनों अपनी बेटियों की परवरिश की जिम्मेदारी मिलकर निभा रहे हैं।


फिल्मों में भी सक्रिय हैं अर्जुन रामपाल

वर्क फ्रंट की बात करें तो अर्जुन रामपाल लगातार फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स में सक्रिय हैं। हाल के दिनों में वह कई चर्चित प्रोजेक्ट्स में नजर आए हैं। अपनी निजी जिंदगी को लंबे समय तक लाइमलाइट से दूर रखने वाले अर्जुन की गैब्रिएला के साथ शादी की खबर अब उनके प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।