रायपुर/आरंग। रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम कुरूद के पास दबिश देकर पुलिस ने बलौदाबाजार जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की 220 पाव अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की सुजुकी स्कूटी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 29 अगस्त को सूचना मिली थी कि ग्राम कुरूद स्थित कोटवार गली के आसपास कुछ बाहरी व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर पहुंचे हैं और उसे खपाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही आरंग थाना प्रभारी नरेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान दो संदिग्धों को मौके पर पकड़ लिया गया।
बलौदाबाजार के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान यश कुमार कोसले (22) निवासी ग्राम नवागांव, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार और शिव कुमार साहू (38) निवासी वार्ड नंबर-11, गिधपुरी, जिला बलौदाबाजार के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से 130 पाव गोल्डन गोवा अंग्रेजी शराब, 70 पाव शोले देशी मसाला और 20 पाव रोमियो देशी मसाला शराब बरामद हुई। इस तरह कुल 220 पाव शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 24 हजार 600 रुपये बताई गई है।
बिना नंबर की स्कूटी भी जब्त
पुलिस ने शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की सुजुकी स्कूटी भी जब्त की है। वाहन की अनुमानित कीमत करीब 1.10 लाख रुपये बताई गई है। शराब और वाहन मिलाकर जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.34 लाख रुपये आंकी गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
आरंग पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और परिवहन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





