जगदलपुर सेंट्रल जेल में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बंदी मौत, बाथरूम से लौटते समय गिरा था विचाराधीन कैदी

जगदलपुर। केंद्रीय जेल जगदलपुर में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बंदी की मौत का मामला सामने आया है। माओवादी मामलों में विचाराधीन बंदी रमेश कुंजाम (33) की शुक्रवार सुबह मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात वह जेल परिसर में बाथरूम से लौटते समय फिसलकर गिर गया था, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई थी।

दंतेवाड़ा जेल से किया गया था स्थानांतरित

जानकारी के अनुसार बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत लिंगापुर निवासी रमेश कुंजाम को नवंबर 2025 में दंतेवाड़ा जेल से जगदलपुर केंद्रीय जेल स्थानांतरित किया गया था। वह माओवादी मामलों में विचाराधीन बंदी के रूप में जेल में निरुद्ध था।

गिरने से सिर में आई गंभीर चोट

जेल प्रशासन के मुताबिक गुरुवार रात रमेश कुंजाम बाथरूम गया था। वापस लौटते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सिर के बल जमीन पर गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई और काफी रक्तस्राव होने लगा।

घटना की जानकारी मिलते ही जेल कर्मियों और अन्य बंदियों की मदद से उसे तत्काल महारानी अस्पताल, डिमरापाल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आइसीयू में भर्ती किया।

उपचार के दौरान तोड़ा दम

चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी था, लेकिन शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। बंदी की मौत के बाद जेल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

एक सप्ताह में दूसरी मौत से उठे सवाल

केंद्रीय जेल में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बंदी की मौत होने से जेल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि जेल प्रशासन का कहना है कि यह एक दुर्घटना थी और घायल बंदी को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया था। मामले की जांच और अन्य औपचारिक कार्रवाई जारी है।