अंबिकापुर। शहर के रसूलपुर इलाके में घर में घुसकर 70 वर्षीय एलआईसी एजेंट बशीरुद्दीन सिद्दीकी की चाकू मारकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतक के दामाद नाजिम सबा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि हत्या के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी, जिसमें से 10 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे।


तलाक का केस वापस नहीं लेने से नाराज था आरोपी

चाकू से हमले में गंभीर रूप से घायल बशीरुद्दीन सिद्दीकी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। हमले के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। मौत के बाद हत्या की धारा भी जोड़ी गई।

जांच के दौरान मृतक की बेटी सादिया शारीन सिद्दीकी ने पुलिस को बताया कि उनका अपने पति नाजिम सबा के साथ न्यायालय में तलाक का मामला चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि नाजिम ने इससे पहले भी तलाक का केस वापस नहीं लेने पर मायके पक्ष के लोगों को जान से मारने की धमकी दी थी।

पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई।


ससुर की हत्या के लिए तय हुई 5 लाख की सुपारी

पुलिस जांच में सामने आया कि नाजिम सबा ने अपने ससुर बशीरुद्दीन की हत्या के लिए आरोपियों से 5 लाख रुपये में सौदा किया था। इसके लिए 10 हजार रुपये एडवांस भी दिए गए।

पुलिस के मुताबिक, पलामू के चैनपुर निवासी कंचन कुमार और उसके साथियों को अंबिकापुर बुलाया गया था। आरोपियों के ठहरने की व्यवस्था भी पहले से की गई थी।


किराए का मकान देखने के बहाने पहुंचे घर

घटना 16 सितंबर की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले पूरी योजना बनाई। इसके बाद कंचन और उसके साथी हथियार लेकर बाइक से बशीरुद्दीन के घर पहुंचे।

आरोपियों ने किराए का मकान देखने का बहाना बनाया और घर के अंदर दाखिल हुए। कुछ देर बाद उन्होंने बशीरुद्दीन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।


बाइक, खून से सने कपड़े और बस टिकट जब्त

वारदात के बाद आरोपियों ने बाइक को घटनास्थल के पास छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी कंचन कुमार की निशानदेही पर बाइक, खून से सने कपड़े और बस टिकट जब्त किए हैं।

पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कुछ अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस हत्या की पूरी साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।