रायपुर। राजधानी के माना थाना क्षेत्र में एक महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में गंभीर रूप से झुलसी राजकुमारी साहू की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी वीरू धीवर को पकड़ लिया है और अब पूरे मामले की वजह और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात की है। राजकुमारी साहू और वीरू धीवर साथ थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोप है कि वीरू ने महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, आग बुझाई और उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया।

करीब 60 प्रतिशत झुलसी थी महिला

आग लगने से राजकुमारी करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गई थी। उसे इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा था। हालत गंभीर होने के कारण सोमवार को उसकी मौत हो गई। रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता सिन्हा ने महिला की मौत की पुष्टि की है।

वारदात के बाद फरार हो गया था आरोपी

घटना के बाद आरोपी वीरू धीवर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू की। लगातार तलाश के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और वारदात के पीछे की वास्तविक वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है।

पति से अलग रह रही थी राजकुमारी

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजकुमारी शादीशुदा थी, लेकिन कुछ समय से अपने पति से अलग रह रही थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वीरू धीवर और महिला के बीच पहले से संपर्क और कथित प्रेम संबंध थे। दोनों के बीच संबंध 2021 से पहले से होने की बात सामने आई है।

2021 में भी आरोपी पर दर्ज हुआ था गंभीर मामला

एएसपी अभिषेक झा के मुताबिक, आरोपी वीरू धीवर के खिलाफ वर्ष 2021 में आरंग थाने में भी गंभीर मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि उसने राजकुमारी की सास पर फावड़े से हमला किया था। उस समय उसके खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस का कहना है कि पुराने विवाद के बावजूद वीरू और राजकुमारी के बीच संपर्क बना हुआ था। घटना वाले दिन भी दोनों साथ थे। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ पूरे मामले से जुड़े पुराने घटनाक्रम और विवाद की भी जांच कर रही है।