ई-केवाईसी नहीं कराने वाले 83,485 सदस्यों पर कार्रवाई की तैयारी, खाद्य विभाग ने कहा- अब समय सीमा नहीं बढ़ेगी

जगदलपुर। बस्तर जिले के राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ी और अहम खबर है। जिले में 83 हजार से अधिक हितग्राहियों को पिछले 9 महीनों से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन नहीं मिल रहा है। इसकी वजह अब तक ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं होना है। खाद्य विभाग ने साफ कर दिया है कि 15 जुलाई 2026 के बाद ई-केवाईसी की समय सीमा आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। तय तिथि तक प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले सदस्यों के नाम राशन कार्ड से हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

खाद्य विभाग का कहना है कि ई-केवाईसी अभियान का उद्देश्य राशन वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाना, रिकॉर्ड अपडेट करना तथा मृत, अपात्र और डुप्लीकेट हितग्राहियों के नाम सूची से हटाना है, ताकि वास्तविक पात्र परिवारों को योजना का पूरा लाभ मिल सके। ऐसे में अब प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती केवल एक सप्ताह के भीतर 83,485 हितग्राहियों का ई-केवाईसी पूरा कराना है।

15 जुलाई तक हर हाल में कराएं ई-केवाईसी

सहायक खाद्य अधिकारी दिव्या रानी कश्यप ने बताया कि जिले में अभी भी 83,485 सदस्यों का ई-केवाईसी लंबित है। सभी विकासखंडों में उचित मूल्य की दुकानों, ग्राम पंचायतों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मदद से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने हितग्राहियों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द उचित मूल्य की दुकान पहुंचकर आधार आधारित सत्यापन करा लें, ताकि भविष्य में राशन मिलने में कोई दिक्कत न हो।

इन वजहों से अटका ई-केवाईसी

खाद्य विभाग के अनुसार सर्वे में कई कारण सामने आए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से—

  • कुछ हितग्राहियों की मृत्यु हो चुकी है।
  • फिंगरप्रिंट का मिलान नहीं हो पा रहा है।
  • राशन कार्ड में दर्ज आयु गलत है।
  • विवाह के बाद युवतियों का दूसरे स्थान पर चले जाना।
  • लोगों में जागरूकता की कमी।

किस विकासखंड में कितने हितग्राही बाकी

  • बकावंड : 1,58,524 हितग्राही, 16,192 का ई-केवाईसी शेष।
  • बस्तर ग्रामीण : 1,63,198 हितग्राही, 15,671 लंबित।
  • जगदलपुर शहरी : 1,08,789 हितग्राही, 14,583 लंबित।
  • जगदलपुर ग्रामीण : 1,19,767 हितग्राही, 10,874 लंबित।
  • लोहंडीगुड़ा : 82,014 हितग्राही, 7,837 लंबित।
  • तोकापाल : 83,884 हितग्राही, 6,507 लंबित।
  • दरभा : 60,179 हितग्राही, 5,448 लंबित।
  • बास्तानार : 47,046 हितग्राही, 5,397 लंबित।
  • बस्तर शहरी : 9,669 हितग्राही, 976 का ई-केवाईसी बाकी।

एक सप्ताह में बड़ा लक्ष्य

15 जुलाई की अंतिम तिथि तक अब महज कुछ दिन ही शेष हैं। ऐसे में प्रशासन के सामने 83,485 हितग्राहियों का ई-केवाईसी पूरा कराने की बड़ी चुनौती है। यदि समय रहते सत्यापन नहीं कराया गया तो संबंधित सदस्यों के नाम राशन कार्ड से हटाए जा सकते हैं, जिससे वे सरकारी राशन योजना के लाभ से वंचित हो जाएंगे।