गरियाबंद। जिले में आम लोगों को परिवहन विभाग से जुड़ी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के लिए 7 नए परिवहन सुविधा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ शासन के परिवहन विभाग के निर्देश पर इसके लिए इच्छुक और पात्र आवेदकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
पांच विकासखंडों में खुलेंगे केंद्र
जिले के गरियाबंद, छुरा, फिंगेश्वर, मैनपुर और देवभोग विकासखंडों में ये सुविधा केंद्र खोले जाएंगे। इनमें गरियाबंद में 2, छुरा में 1, फिंगेश्वर में 2, मैनपुर में 1 और देवभोग में 1 केंद्र स्थापित किया जाएगा।
आवेदन शुल्क 200 रुपये
इच्छुक आवेदक 200 रुपये निर्धारित शुल्क जमा कर जिला परिवहन कार्यालय गरियाबंद में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 तय की गई है। आवेदक शाम 5:30 बजे तक आवेदन जमा कर सकेंगे। इसके बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
स्थानीय निवासियों को मिलेगी प्राथमिकता
परिवहन सुविधा केंद्र के संचालन के लिए जिले के स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदन शुल्क किसी भी स्थिति में वापस नहीं किया जाएगा।
कार्यालय से मिल सकेगी नियमों की जानकारी
आवेदन से जुड़ी योग्यता, नियम और शर्तों की विस्तृत जानकारी जिला परिवहन कार्यालय गरियाबंद से कार्यालयीन दिवसों में प्राप्त की जा सकती है। आवेदक परिवहन विभाग की परिवहन सुविधा केंद्र मार्गदर्शिका-2022 भी देख सकते हैं।
इस पहल से जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में परिवहन विभाग से जुड़ी सेवाओं की पहुंच बढ़ने की उम्मीद है।





