अंबिकापुर। शहर के रसूलपुर इलाके में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। तीन हमलावरों ने किराये का मकान पूछने के बहाने घर का दरवाजा खुलवाया और अंदर घुसकर 66 वर्षीय बशीरुद्दीन सिद्दीकी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने इस हमले के पीछे दामाद की साजिश होने का आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सुबह 9:30 बजे घर पहुंचे थे बशीरुद्दीन
रसूलपुर निवासी बशीरुद्दीन सिद्दीकी भारतीय जीवन बीमा निगम में अभिकर्ता के रूप में काम करते हैं। बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे वे सब्जी लेकर घर लौटे थे। घर का दरवाजा बंद कर भीतर जाने के कुछ देर बाद बाहर से दरवाजा खटखटाने की आवाज आई।
परिवार के अनुसार, उनकी बेटी ने अंदर से पूछा तो बाहर खड़े लोगों ने कहा कि उन्हें किराये का मकान चाहिए। इसके बाद बशीरुद्दीन ने दरवाजा खोला। आरोप है कि दरवाजा खुलते ही तीनों युवक घर के अंदर घुस गए और उन पर हमला कर दिया।
पेट में पांच से छह बार चाकू मारने का आरोप
हमलावरों ने बुजुर्ग के पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से कई वार किए। परिजनों के मुताबिक, बशीरुद्दीन ने घायल होने के बावजूद एक हमलावर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उनके सिर के पीछे भी वार किया गया।
गंभीर रूप से घायल बशीरुद्दीन किसी तरह घर से बाहर निकले, लेकिन ज्यादा खून बहने के कारण दरवाजे के पास ही सड़क पर गिर पड़े। इस बीच तीनों हमलावर मौके से भाग निकले।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
घायल बुजुर्ग को तत्काल फिरदौसी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि उनके पेट में पांच से छह बार चाकू से वार किए गए हैं।
परिजनों ने गोली चलने की भी आशंका जताई है, लेकिन फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। डॉक्टरों की जांच और सीटी स्कैन के बाद ही इस संबंध में स्थिति साफ होने की उम्मीद है।
दामाद पर हत्या की साजिश का आरोप
परिजनों ने आशंका जताई है कि घटना का संबंध पारिवारिक विवाद से हो सकता है। उनका कहना है कि बशीरुद्दीन की छोटी बेटी का अपने पति नाजिम सबा से विवाद चल रहा है और तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
परिवार का आरोप है कि इसी विवाद के कारण दामाद ने बाहरी लोगों को बुलाकर अपने ससुर पर हमला करवाया। हालांकि यह आरोप अभी जांच के दायरे में है और पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
26 सितंबर को होनी है तलाक मामले की सुनवाई
परिजनों के अनुसार, छोटी बेटी लंबे समय से अपने मायके में रह रही है। पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद मामला अदालत तक पहुंचा। बताया जा रहा है कि तलाक प्रकरण में 26 सितंबर को अंतिम सुनवाई और निर्णय होना है।
इसी वजह से परिवार दामाद पर संदेह जता रहा है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
CCTV में भागते दिखे तीन संदिग्ध
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। एक फुटेज में तीन संदिग्ध युवक गली से पैदल भागते दिखाई दिए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावर एक स्पोर्ट्स बाइक से पहुंचे थे और वाहन को घटनास्थल से कुछ दूरी पर खड़ा किया था। वारदात के बाद वे गलियों के रास्ते दौड़ते हुए बाइक तक पहुंचे और फरार हो गए।
रेकी के बाद वारदात की आशंका
रसूलपुर घनी आबादी वाला इलाका है और यहां कई संकरी गलियां हैं। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने घटना से पहले इलाके की रेकी की होगी और फरार होने का रास्ता पहले से तय किया होगा।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने अपने चेहरे भी नहीं ढंके थे, जिससे पुलिस को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान में मदद मिलने की उम्मीद है।
पुलिस और FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। जिले से बाहर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर नाकेबंदी भी की गई है।
पुलिस हमलावरों की पहचान, हमले की वजह और इसके पीछे किसी साजिश की भूमिका की जांच कर रही है। गोली चलने संबंधी दावे की पुष्टि भी मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।




