भाटापारा/सिंगारपुर। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंगारपुर की इंद्रा कॉलोनी में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां 52 वर्षीय राजाराम साहू की सिर पर पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने गया था राजाराम

जानकारी के अनुसार, राजाराम साहू रात में गांव में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने गया था। इसके बाद उसकी हत्या की जानकारी सामने आई। वारदात को किसने और किन कारणों से अंजाम दिया, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं पुलिस टीमें

सिंगारपुर की सरपंच कनक मनहरे ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद एसडीओपी भाटापारा तारेश साहू के नेतृत्व में भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस और पुलिस सहायता केंद्र निपनिया की टीम मौके पर पहुंची। जांच के लिए एफएसएल और साइबर सेल बलौदाबाजार की टीम को भी बुलाया गया।

पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना से पहले राजाराम किन लोगों के संपर्क में था।

हत्या की वजह तलाश रही पुलिस

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने वारदात में शामिल आरोपी या आरोपियों के संबंध में भी कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है। जांच पूरी होने और ठोस सुराग मिलने के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।