कोरिया। पाण्डोपारा स्थित टीएमसी कंपनी की झिलमिली साइट के स्टोर में करीब 50 लाख रुपये के कीमती मशीन पार्ट्स की चोरी के मामले का पटना थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर तांबा, पीतल और कांसे से बने करीब 40 लाख रुपये के मशीन पार्ट्स बरामद किए गए हैं। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
स्टोर की छत उखाड़कर चोरी किए थे कीमती पार्ट्स
पुलिस के अनुसार, टीएमसी पाण्डोपारा परियोजना में प्रोजेक्ट मैनेजर श्यामल मैती (38) ने 24 अगस्त को पटना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि झिलमिली साइट स्थित कंपनी के स्टोर से कोयला उत्खनन में इस्तेमाल होने वाली मशीनों के तांबा, पीतल और कांसे से निर्मित कई कीमती पार्ट्स चोरी हो गए हैं। चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देश पर एसडीओपी आशा सेन व राजेश साहू के मार्गदर्शन में पटना थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम आरोपियों की तलाश में जुटी।
9-10 लोगों के गिरोह ने दिया वारदात को अंजाम
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि करीब 9 से 10 लोगों के समूह ने 21 और 22 अगस्त की दरम्यानी रात स्टोर की छत की शीट उखाड़कर अंदर प्रवेश किया था।
इसके बाद आरोपियों ने मशीनों के तांबा, पीतल और कांसे से बने महंगे पार्ट्स चोरी किए और उन्हें बड़सरा के जंगल में छिपा दिया। आरोप है कि अगले दिन चोरी का सामान चरचा निवासी कबाड़ी अब्दुल वासिब उर्फ गोलू को बेच दिया गया।
कबाड़ी के पास से करीब 40 लाख का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कबाड़ी के कब्जे से तांबा, पीतल और कांसे से बने मशीन के कीमती पार्ट्स बरामद किए हैं। बरामद सामान की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तीन तलवार, टॉर्च, मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में किशन कुमार (24), मंगलराम उर्फ गोलू (24), करन (24) और अब्दुल वासिब उर्फ गोलू मियां (30) को गिरफ्तार किया है। आरोपी घुटरी दफाई थाना चरचा और ग्राम पूटा थाना पटना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
चारों आरोपियों को 27 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।




