दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शराब पार्टी के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक अपनी गर्लफ्रेंड के घर दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और युवती ने कथित तौर पर युवक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद युवक छत पर चला गया, जहां कुछ देर बाद वह बेसुध हालत में मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामला अंजोरा चौकी क्षेत्र का है। मृतक की पहचान सिद्धांत दान (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना के समय घर में मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।

गर्लफ्रेंड के घर चल रही थी शराब पार्टी

जानकारी के मुताबिक, सिद्धांत सोमवार रात अपनी गर्लफ्रेंड अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। उस दौरान घर में अंजलीना के अलावा रायगढ़ निवासी उसकी सहेली निमिषा, उसका बॉयफ्रेंड गौरव और बोरसी की ग्रेसी भी मौजूद थीं।

बताया जा रहा है कि रात में सभी ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर सिद्धांत और अंजलीना के बीच विवाद हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशे की हालत में सिद्धांत ने अंजलीना से गाली-गलौज की। इस पर अंजलीना ने उसे कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया।

विवाद के बाद छत पर चला गया सिद्धांत

विवाद के बाद सिद्धांत नाराज होकर घर की छत पर चला गया। कुछ देर तक वह नीचे नहीं लौटा तो अंजलीना उसे देखने छत पर पहुंची। वहां सिद्धांत बेसुध अवस्था में पड़ा हुआ मिला।

युवती ने उसे होश में लाने का प्रयास किया और सीपीआर (CPR) भी दिया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद घर में मौजूद अन्य लोगों की मदद से सिद्धांत को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

घटना की जानकारी मंगलवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल युवक की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। घटना के समय मौजूद अंजलीना, निमिषा, गौरव और ग्रेसी से पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की जा रही है। उनके बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सिद्धांत छत पर जाने के बाद किन परिस्थितियों में बेसुध हुआ और उसकी मौत का वास्तविक कारण क्या था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।