रायपुर। राजधानी के अश्वनी नगर इलाके में 22 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार नाबालिगों को हिरासत में लिया है। इनमें तीन आरोपी वारदात के बाद ट्रेन से रायपुर छोड़कर भागने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की मदद से बिलासपुर में पकड़ लिया गया। वहीं, एक अन्य नाबालिग को स्थानीय स्तर पर हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आई है।

घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर स्थित गौसिया मस्जिद के पास की है। 30 अगस्त की रात करीब 11 बजे पुलिस को यहां एक युवक के गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल एम्स रायपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान डंगनिया निवासी अहमद खान (22) के रूप में हुई है।

ट्रेन से रायपुर छोड़कर भागने की फिराक में थे आरोपी

हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि वारदात में शामिल कुछ आरोपी ट्रेन के जरिए रायपुर से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे हैं।

इसके बाद रायपुर पुलिस ने RPF से संपर्क कर आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान तीन नाबालिगों को बिलासपुर में पकड़ लिया गया, जबकि चौथे को स्थानीय स्तर पर हिरासत में लिया गया।

आपसी रंजिश में हत्या की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में हत्या के पीछे आपसी रंजिश होने की बात सामने आई है। हिरासत में लिए गए चारों आरोपी विधि से संघर्षरत बालक बताए गए हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर वारदात की पूरी कड़ी और हत्या की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।

जांच में यह भी सामने आया है कि हिरासत में लिए गए नाबालिगों में से एक कुछ दिन पहले ही लूट के एक अन्य मामले में बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आया था। इसके कुछ समय बाद ही उसके इस हत्या की वारदात में शामिल होने की बात सामने आई है।

फिलहाल पुरानी बस्ती थाना पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और वारदात में आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।