रायपुर। राजधानी रायपुर में आधी रात एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात अश्वनी नगर स्थित गौसिया मस्जिद के पास की बताई जा रही है। दो अज्ञात हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ वार किए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

विवाद के बाद हमलावरों ने किया पीछा

जानकारी के अनुसार, डंगनिया निवासी 22 वर्षीय अहमद खान शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब साढ़े 12 बजे अश्वनी नगर की एक गली में मौजूद था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका दो युवकों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर अहमद अपनी एक्टिवा से वहां से निकलने की कोशिश करने लगा।

बताया जा रहा है कि दोनों हमलावरों ने उसका पीछा किया। भागने के दौरान अहमद की एक्टिवा अनियंत्रित होकर नाली में जा गिरी और वह सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछा करते हुए पहुंचे दोनों हमलावरों ने उस पर धारदार हथियार से एक के बाद एक कई वार कर दिए।

वारदात के बाद मौके से फरार हुए हमलावर

अचानक हुए हमले से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, दोनों हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल अहमद सड़क पर खून से लथपथ पड़ा था।

घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को तत्काल एम्स रायपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

हत्या की सूचना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस विवाद के कारण और आरोपितों की पहचान सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।